छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बचपन के दोस्त को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशन साहू को शक था कि आदित्य टंडन उसकी बहन पर गलत नजर रखता है. इसके अलावा आदित्य कथित तौर पर उसे रंग को लेकर चिढ़ाता और अपमानजनक शब्द कहता था.
पुलिस के अनुसार, किशन ने 13 नवंबर की दोपहर आदित्य पर लोहे के फावड़े से हमला किया. सिर और चेहरे पर कई वार किए जाने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित बांध के पानी में फेंकने का आरोप है.
बांध के पानी में मिला था शव
गिधौरी पुलिस को 14 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि बांध के पानी में एक युवक का शव पड़ा है. पुलिस ने शव बाहर निकलवाया और उसकी पहचान गिधौरी निवासी आदित्य टंडन के रूप में की. सिर और माथे पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताई. घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाकर जांच कराई गई.
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज देखी और लोगों से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि फुटेज में आदित्य को किशन के साथ घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था. किशन के हाथ में फावड़े जैसा हथियार भी दिखाई दिया. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में किशन ने हत्या की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर लोहे का फावड़ा बरामद किया गया. मृतक का मोबाइल भी जब्त किया गया है. मामले में गिधौरी थाने में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत BNS की धारा 103(1) में केस दर्ज किया गया है. आरोपी को 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है.
