बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी के दौरान अनियमितता और उपार्जन केंद्रों पर अप्रत्याशित कमी मिलने के बाद प्रशासन ने 13 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है. इनमें नौ उपार्जन केंद्र प्रभारियों को सेवा से पृथक किया गया है, जबकि चार अन्य कर्मचारियों से वसूली की कार्रवाई की जा रही है.

प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई की जद में मनोहरा, केसली, कामता, निपनिया, बिटकुली, खैरा, सिंगारपुर, कर्मदा, छेरकापुर, खरतोरा, करहीबाजार और मोहभट्टा समेत 13 उपार्जन केंद्रों के कर्मचारी आए हैं. इन सभी 13 कर्मचारियों को इस साल होने वाली धान खरीदी प्रक्रिया से भी बाहर कर दिया गया है.

15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी

जिले के 181 उपार्जन केंद्रों पर 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने की तैयारी है. प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिलाधिकारी कुलदीप शर्मा ने कर्मचारियों को लापरवाही और अनियमितता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

प्रशासन का कहना है कि उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और उसे मजबूत करने के लिए यह कार्रवाई की गई है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के दौरान गड़बड़ी या लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाया जाएगा.