बलौदाबाजार में सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई. वर्धमान स्कूल में हुए इस कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है. अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने बच्चों की बनाई रंगोलियों और चित्रों की सराहना की. उनके अनुसार, विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं में विकसित भारत की तस्वीर प्रस्तुत करने का प्रयास किया.

वर्मा ने बच्चों से जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत और लगन के साथ काम करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि आज की मेहनत आने वाले समय को बेहतर बनाने में मदद करेगी. मंत्री ने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से सीख लेने की बात भी कही.

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हर वर्ग के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं और छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए काम किया जा रहा है.

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा और एसपी गौरव राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे.