छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह स्वामी आत्मानंद स्कूल का मुख्य गेट गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. हादसा करीब सुबह 10 बजे हुआ, जब बच्चा अन्य बच्चों के साथ स्कूल परिसर में खेलने जा रहा था.
मृतक की पहचान बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के लारीपारा निवासी शिवम यादव के रूप में हुई है. वह तीजा के अवसर पर अपनी मां के साथ हथबंद स्थित मामा के घर आया था. बताया गया है कि मामा का घर स्कूल के पास ही है.
ग्रामीणों ने रखे जर्जर ढांचे से जुड़े आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के मुख्य गेट को सहारा देने वाला कंक्रीट कॉलम करीब तीन महीने से खराब था. उनके मुताबिक, कॉलम ऊपर और नीचे दोनों तरफ से कमजोर हो चुका था और गेट लोहे की एक पट्टी तथा कील के सहारे टिका हुआ था. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद समय पर मरम्मत नहीं कराई गई.
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में नाराजगी जताई. उनका दावा है कि शाला विकास समिति प्रत्येक छात्र से सालाना 600 रुपये विकास शुल्क लेती है, फिर भी मुख्य द्वार जैसी जरूरी सुरक्षा व्यवस्था की मरम्मत नहीं की गई. जनपद सदस्य प्रतिनिधि ऋषिकांत पटेल और ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई तथा गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है.
परिवार को कुल 70 हजार रुपये की सहायता
शाला प्रबंधन ने अंतिम संस्कार और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए परिवार को 20 हजार रुपये दिए. प्रशासन ने कलेक्टर के निर्देश पर 50 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की, जिसे सिमगा एसडीएम अतुल शेटे ने परिजनों को सौंपा.
एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच के बाद वैधानिक धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.
