छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बया चौकी क्षेत्र के जंगल में मिले युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे गांजा तस्करी के कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश दोनों वजहें थीं.

पुलिस का दावा है कि अमरजीत सिंह सोनी ने अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए करन डोंगरे की हत्या की सुपारी दी थी. मामले का नेटवर्क रायपुर से दुर्ग तक फैला होने की बात भी जांच में सामने आई है.

जंगल के रास्ते मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच सुनसान रास्ते पर युवक का शव मिला था. उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और सीने समेत कई हिस्सों पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे. सीने पर ‘KP’ लिखा था, जबकि हाथों पर टैटू बने हुए थे. शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी.

जांच टीम ने घटनास्थल से पटेवा, संबलपुर, सरायपाली, नया रायपुर, रायपुर और दुर्ग तक आने-जाने वाले वाहनों की जानकारी जुटाई. पुलिस ने 1,000 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और AI तकनीक की मदद से दो संदिग्ध कारों की पहचान की. फॉरेंसिक जांच और डिजिटल जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान करन डोंगरे के रूप में हुई.