बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में घरों की रेकी कर चोरी करने के आरोप में बलंगी पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीख मांगने के बहाने गांवों में घूमते थे और घरों की निगरानी के बाद चोरी करते थे. दोनों के पास से नकदी, सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल बाइक समेत कुल 1,29,745 रुपए का सामान जब्त किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 की रात ग्राम मझौली में धीरेंद्र कुमार पाठक के घर में तीन नकाबपोश घुसे थे. उन्होंने दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया. आवाज सुनकर धीरेंद्र की नींद खुली तो दो आरोपी दीवार फांदकर भाग गए, जबकि एक आरोपी ने लोहे की रॉड जैसी वस्तु से उनके सीने और माथे पर हमला किया और फरार हो गया. घर से करीब 91,616 रुपए के जेवर चोरी होने की बात सामने आई थी.
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के लिए बलंगी चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई. पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सिंगरौली के शुक्ला बसोर की जानकारी मिली. 22 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर बरगवां थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने राजकुमार बसोर और एक अन्य साथी के साथ चोरी करने की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, कुछ जेवर पंजाब में एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए गए थे.
