छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र में सरकारी जंगल की जमीन पर कथित कब्जे की तैयारी का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, ग्राम केरता निवासी शिवलाल ने 15 हजार रुपये देकर तीन अलग-अलग फर्जी वन अधिकार पत्र और पुस्तिकाएं बनवाई थीं. इन दस्तावेजों में शिवलाल, उसकी पत्नी रमपतिया और बेटे रामकुमार के नाम जमीन दर्ज थी. कुल क्षेत्रफल चार हेक्टेयर यानी करीब 10 एकड़ बताया गया है.

पुलिस ने इस मामले में शिवलाल, उसके बेटे रामकुमार और कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले रामशकल उर्फ सकलू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 338 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है.

झोपड़ी बनाने के दौरान सामने आया मामला

मामला मानिकपुर सर्किल के बीट मुरका के जंगल का बताया गया है. ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा, जहां शिवलाल झोपड़ी बनाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था. वन विभाग के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने तीन वन अधिकार पत्र दिखाए.

दस्तावेजों में खसरा और कंपार्टमेंट नंबर स्पष्ट नहीं थे. संदेह होने पर वन विभाग ने इनकी जानकारी संबंधित अधिकारियों से सत्यापित कराई. शिवलाल ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि उसने ये दस्तावेज वर्ष 2025 में पैसे देकर बनवाए थे.

वन विभाग ने तीनों दस्तावेज जब्त कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास के माध्यम से कलेक्टर भू-अभिलेख कार्यालय, अंबिकापुर भेजे. वहां से मिले जवाब के अनुसार, दायरा पंजी में तीनों नामों का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला और संबंधित कार्यालय ने ऐसे वन अधिकार पत्र जारी नहीं किए थे.

वनपाल अनिल कुजूर की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. वन विभाग ने जब्ती पंचनामा, शिवलाल का कथन और भू-अभिलेख कार्यालय का पत्र भी जांच के लिए सुरक्षित किया है. मामले में आगे की विवेचना जारी है.