छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में करीब 10 एकड़ यानी चार हेक्टेयर शासकीय वन भूमि पर फर्जी वन अधिकार पट्टे के जरिए कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सभी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
मामला चलगली थाना क्षेत्र के वन परिक्षेत्र बलरामपुर के मणिकपुर सर्किल अंतर्गत बीट मुरका के कक्ष क्रमांक P-3493 का है. वन विभाग को सूचना मिली थी कि शिवलाल नामक व्यक्ति ने वहां झोपड़ी बनाकर सरकारी वन भूमि पर कब्जा किया है. इसके बाद वनपाल अनिल कुजूर और वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
पूछताछ के दौरान शिवलाल ने अपने, अपनी पत्नी रामपतिया और बेटे रामकुमार के नाम पर चार हेक्टेयर भूमि का वन अधिकार पट्टा पेश किया. दस्तावेज संदिग्ध लगने पर इसकी जांच सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से कलेक्टर भू-अभिलेख अंबिकापुर के रिकॉर्ड से कराई गई. जांच में पट्टा संबंधित कार्यालय से जारी नहीं पाया गया.
पुलिस के अनुसार, शिवलाल ने बताया कि उसने यह दस्तावेज वर्ष 2025 में कोटड़की निवासी रामसकल उर्फ सकलू से 15 हजार रुपये में बनवाया था. जांच में शंकरनाथ पाण्डेय और कुंजन रजक के नाम भी सामने आए. आरोप है कि वे फर्जी पट्टे लाकर पैसे लेकर उनका वितरण कराते थे.
वन विभाग की रिपोर्ट पर चलगली थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 338 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने फर्जी पट्टे जब्त करने और साक्ष्य जुटाने के बाद शिवलाल, रामकुमार, रामसकल उर्फ सकलू, शंकरनाथ पाण्डेय और कुंजन रजक को गिरफ्तार किया.
