छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक तीन में एक घर के मुर्गी बाड़े में विशाल अजगर घुस गया. परिवार के लोगों के अनुसार, अजगर ने वहां रखी छह मुर्गियों को एक-एक करके निगल लिया.

मुर्गियों की आवाज और छटपटाहट सुनकर परिवार के सदस्यों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ. जब वे बाड़े की ओर पहुंचे तो अजगर वहां कुंडली मारे बैठा था. उसका पेट फूला हुआ था. घर के भीतर इतना बड़ा सांप देखकर परिवार ने आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई.

मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई. इसके बाद विभागीय टीम एक अनुभवी स्नेक कैचर के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को अजगर से दूर किया. आकार बड़ा होने के कारण उसे पकड़ने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

रेस्क्यू के दौरान एक स्नेक कैचर ने अजगर के मुंह वाले हिस्से को पकड़ा, जबकि दूसरे ने उसकी पूंछ संभाली. काफी प्रयास के बाद अजगर को सुरक्षित घर से बाहर निकाला गया.

वन विभाग के अनुसार, अजगर को बड़े बोरे में रखकर जंगल की ओर ले जाया गया और बाद में पास की नदी में छोड़ दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच सकते हैं. अजगर के निकल जाने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली.