बलरामपुर में माइक्रोफाइनेंस कंपनी के दो पूर्व कर्मचारियों पर 62 ग्राहकों से लोन खाते बंद कराने के नाम पर 23 लाख 25 हजार रुपए लेने और कंपनी के खाते में जमा नहीं करने का आरोप लगा है. शिकायत के आधार पर बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया है. मामले की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक, शिकायत स्वमान फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के वर्तमान शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार कंवर ने दर्ज कराई है. कंपनी स्वयं सहायता समूहों को कारोबार के लिए लोन देती है. शिकायत में जशपुर निवासी सुनील बेहरा (33) को पूर्व शाखा प्रबंधक और पचावल निवासी डब्लू कुमार कसेर (26) को पूर्व क्षेत्र सहायक बताया गया है.
अलग-अलग अवधि में ग्राहकों से वसूली का आरोप
शिकायत के अनुसार, सुनील बेहरा ने जून 2025 से अगस्त 2026 के बीच 33 लोनधारकों से खाता बंद कराने के नाम पर 12 लाख 71 हजार रुपए से अधिक लिए. आरोप है कि यह रकम कंपनी में जमा नहीं की गई. वहीं, डब्लू कुमार कसेर पर अक्टूबर 2025 से जून 2026 के बीच 29 लोगों से इसी उद्देश्य से 10 लाख 54 हजार रुपए लेने और रकम जमा नहीं करने का आरोप है.
बाद में कंपनी ने ग्राहकों से किस्त और बकाया रकम जमा करने के लिए संपर्क किया. इस दौरान ग्राहकों ने बताया कि वे लोन बंद कराने के लिए पहले ही पूरी राशि दे चुके हैं. इसके बाद 62 लोग कंपनी के बलरामपुर कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत की.
कंपनी अधिकारियों के पूछने पर दोनों पूर्व कर्मचारियों ने रकम लेने की बात स्वीकार की और पैसे जमा करने का भरोसा दिया, लेकिन शिकायत के अनुसार बाद में रकम जमा नहीं की. पुलिस ने सुनील बेहरा और डब्लू कुमार कसेर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(5) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है.
