छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में डंडे से किए गए हमले में 15 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई. घटना में घायल महिला का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना 4 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे ग्राम डीपाडीह जम्होर में हुई. वहां एक परिवार में दशकर्म कार्यक्रम आयोजित था. नाबालिग अपनी मां के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था. इसी दौरान महिला का पति घर लौटा और उसने अपनी पत्नी के साथ नाबालिग को आपत्तिजनक स्थिति में देखा.
इसके बाद पति ने कथित तौर पर दोनों पर डंडे से हमला कर दिया. पिटाई में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए. परिवार के अन्य सदस्यों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया.
दोनों को बुधवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान देर रात नाबालिग की मौत हो गई. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
अस्पताल चौकी पुलिस ने नाबालिग की मौत के मामले में मर्ग कायम किया है. अंबिकापुर से मर्ग डायरी बलरामपुर पुलिस को भेजी जा रही है. उपलब्ध जानकारी में आरोपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं है.
