छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से आ रहे धान से लदे तीन ट्रकों को जब्त किया है. ये ट्रक उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे धनवार बैरियर पर पकड़े गए. तीनों वाहनों में कुल 2,226 बोरे धान मिला.
प्रशासन के अनुसार, ट्रक चालकों से धान से जुड़े वैध दस्तावेज, बिल और परिवहन अनुमति मांगी गई थी, लेकिन वे ये दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद टीम ने ट्रकों को जब्त कर बसंतपुर थाने में सुरक्षार्थ खड़ा कराया. मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.
यह कार्रवाई कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर वाड्रफनगर एसडीएम डॉ. टीडी मरकाम के नेतृत्व में की गई. संयुक्त टीम में तहसीलदार अश्विनी चंद्रा और नायब तहसीलदार जितेंद्र डहरे भी शामिल थे. सीमावर्ती क्षेत्रों के औचक निरीक्षण के दौरान टीम को उत्तर प्रदेश से तीन ट्रकों में धान लाए जाने की सूचना मिली थी.
बसंतपुर में दो घरों से धान जब्त
इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने बसंतपुर में राजकुमार गुप्ता और शिवप्रसाद गुप्ता के घरों पर भी जांच की. दोनों स्थानों से कुल 26 क्विंटल धान जब्त किया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति धान से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. प्रशासन ने इन मामलों में भी कार्रवाई शुरू की है.
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड की सीमाओं से जुड़ा है. प्रशासन ने बताया कि धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी बढ़ाई गई है. एसडीएम डॉ. टीडी मरकाम के मुताबिक, दस्तावेजों की जांच और आगे की कार्रवाई जारी रहेगी.
