बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रक्षित केंद्र बलरामपुर में बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई. शहीद जवानों के परिजनों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था.
कार्यक्रम की शुरुआत परेड से हुई. परेड कमांडर और रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के आगमन पर उन्हें सलामी दी. इसके बाद एसपी ने देशभर में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों के नाम पढ़े. शहीद जवानों की सम्मान सूची शहीद स्मारक पर स्थापित की गई और उसे सलामी दी गई.
अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और शहीद परिजनों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया. कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया. इसके बाद शहीद परेड ने स्मारक के दोनों ओर से धीमी चाल में मार्च किया.
परिजनों की समस्याएं सुनने का भरोसा
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर और एसपी ने शहीद परिजनों से बातचीत की. उन्होंने परिजनों की समस्याओं को सुना और जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया. परिजनों को सम्मानपूर्वक उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई.
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
इससे एक दिन पहले, 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर एसपी वैभव बैंकर ने पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा की और मां दुर्गा की आरती की. जिले के थाना और चौकी प्रभारियों ने भी अपने-अपने परिसरों में शस्त्रों की पूजा की.
