मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव में 71 करोड़ 48 लाख रुपए के 694 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया. इनमें 54.21 करोड़ रुपए के 672 कार्यों का भूमिपूजन और 17.27 करोड़ रुपए के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है.

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांग पर कई विकास कार्यों की घोषणा भी की. वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन बनाने और नगर पंचायत के अधूरे नगर वन पार्क का काम पूरा कराने की बात कही गई. रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन, महेवा में बिजली सब स्टेशन तथा रकसगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई.

धान खरीदी और योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है. उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता दिए जाने की जानकारी दी. महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 68 लाख से अधिक महिलाओं को 35 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं.

कार्यक्रम में जिला प्रशासन की पहल पर ‘वृद्धजन क्लिनिक’ की शुरुआत की गई. यहां बुजुर्गों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के साथ जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी और आयुष पद्धति की सुविधाएं मिलेंगी.

महोत्सव स्थल पर आयोजित मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर में शाम 5 बजे तक 7,259 लोगों की जांच और इलाज हुआ. इनमें 4,224 महिलाएं और 3,035 पुरुष शामिल थे. 40 से अधिक डॉक्टरों ने मेडिसिन, हड्डी रोग, चर्म रोग, नेत्र और स्त्री रोग सहित विभिन्न विभागों में सेवाएं दीं.

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि ‘बालभोग’ नवाचार के तहत रागी, सत्तू और श्रीअन्न से बने लड्डुओं के माध्यम से कुपोषित बच्चों को पोषण दिया जा रहा है. कार्यक्रम में सांसद चिंतामणी महाराज, विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते और अन्य जनप्रतिनिधि-अधिकारी मौजूद रहे.