बलरामपुर जिले के राजपुर वन क्षेत्र में बकरी चराने गए 38 वर्षीय युवक पर जंगली भालू ने हमला कर दिया. सेवारी गांव निवासी आनंद मिंज को हमले में सिर, हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं. प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना 10 सितंबर को दोपहर करीब 1:50 बजे राजपुर रेंज के सेवारी बीट के जंगल में हुई. आनंद मिंज बकरियां चराने के लिए जंगल गए थे. कक्ष क्रमांक पी-2812 के पास उनका अचानक भालू से सामना हो गया. वह कुछ समझ पाते, इससे पहले भालू ने उन पर हमला कर दिया. घायल होकर गिरने के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें राजपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया.

राजपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए अंबिकापुर रेफर किया. हालांकि, रेफरल के बाद एंबुलेंस उपलब्ध होने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा. इस दौरान घायल युवक और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बाद में उन्हें अंबिकापुर ले जाया गया.

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सक्रिय हुई. राजपुर वन रेंजर अजय वर्मा के अनुसार, विभाग ने घायल के परिवार को तत्काल 1,000 रुपये की सहायता दी. यह राशि परिक्षेत्र सहायक और राजपुर सर्किल प्रभारी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई. वन विभाग इलाके की स्थिति पर नजर रख रहा है.