छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में विद्यार्थियों को आसाराम बापू से जुड़ी किताब बांटे जाने के मामले में प्रिंसिपल महेश प्रजापति को पद से हटा दिया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निरापुरे के निर्देश पर हुई जांच के बाद उन्हें संयुक्त जिला कार्यालय की शिक्षा शाखा में अटैच किया गया है.
मामला 26 अक्टूबर का बताया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आसाराम बापू के अनुयायी स्कूल पहुंचे थे और प्रिंसिपल के माध्यम से कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को ‘संस्कार सरिता’ नाम की किताबें बांटी गई थीं. अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों से किताब पढ़कर आने को कहा गया और बाद में उसी आधार पर परीक्षा लिए जाने की बात बताई गई.
किताबें घर ले जाने के बाद जब अभिभावकों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने शिक्षा विभाग में शिकायत की. अभिभावकों ने आसाराम से जुड़े विवाद और उनके खिलाफ दर्ज गंभीर आपराधिक मामले का हवाला देते हुए स्कूल में ऐसी किताबें बांटे जाने पर आपत्ति जताई. उनका सवाल था कि विद्यार्थियों को किसी विवादित व्यक्ति से संबंधित सामग्री पढ़ने के लिए क्यों कहा गया.
बच्चों और अभिभावकों के बयान दर्ज
शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए. वाड्रफनगर के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल ने स्कूल पहुंचकर अभिभावकों और विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए. बच्चों ने बताया कि किताबें स्कूल के प्रिंसिपल ने ही बांटी थीं.
जांच के बाद 28 अक्टूबर को प्रिंसिपल को हटाने का आदेश दिया गया. उनकी जगह लेक्चरर दुलेश्वर सिंह को रघुनाथनगर स्वामी आत्मानंद स्कूल का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है.
