छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथपुर गांव स्थित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में छात्रों को आसाराम से जुड़ी पुस्तिकाएं बांटे जाने के मामले में प्रिंसिपल महेश प्रजापति को पद से हटा दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई शुरुआती जांच के आधार पर की गई है और विभागीय जांच अभी जारी है.
अभिभावकों का दावा है कि 26 अक्टूबर को मिडिल स्कूल के छात्रों को ये पुस्तिकाएं दी गई थीं. बच्चों के घर पुस्तिकाएं ले जाने के बाद अभिभावकों को इसकी जानकारी हुई और उन्होंने शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के बाद बलरामपुर के जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निरापुरे ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, ‘संस्कार सरिता’, ‘व्रत नियम’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ नाम वाली पुस्तिकाओं के वितरण की बात सामने आई है.
एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि आसाराम के अनुयायियों के स्कूल पहुंचने के दौरान, प्रिंसिपल की मौजूदगी में सामग्री बांटी गई. हालांकि, पुस्तिकाएं किस अनुमति से वितरित हुईं और इसमें किसकी भूमिका थी, इसकी अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी.
