छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथपुर गांव स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के प्रिंसिपल महेश प्रजापति को पद से हटा दिया गया है. यह कार्रवाई विद्यार्थियों में आसाराम से जुड़ी पुस्तिकाएं बांटे जाने की शिकायत के बाद की गई.
अधिकारियों के अनुसार, 26 अक्टूबर को मध्य कक्षाओं के करीब 25 से 30 विद्यार्थियों को ‘संस्कार सरिता’, ‘व्रत नियम’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ जैसी पुस्तिकाएं दी गई थीं. बच्चों के इन्हें घर ले जाने के बाद अभिभावकों को इसकी जानकारी हुई और उन्होंने शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई.
मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया. बलरामपुर के जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निरापरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रिंसिपल को स्कूल से हटाकर कलेक्टर कार्यालय से संबद्ध किया गया है.
प्रिंसिपल ने अपने बचाव में कहा है कि उन्हें पुस्तिकाओं की सामग्री की जानकारी नहीं थी और स्कूल आए लोगों ने उन्हें यह कहकर अनुमति ली थी कि वे केवल किताबें बांटना चाहते हैं. अंतिम कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी.
