छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने और कथित तौर पर धमकाकर वीडियो बनाने के मामले में यूट्यूबर समेत तीन आरोपितों को जेल भेज दिया गया है. मामला पस्ता थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु का है. पुलिस के अनुसार, हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद तीनों ने 14 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया.

शिकायत के अनुसार, स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक से यूट्यूबर दीपक यादव ने 10 हजार रुपये की मांग की थी. आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर 25 अगस्त 2026 को दीपक यादव के दो साथी श्रवण यादव और सूर्या यादव स्कूल पहुंचे. शिकायत में कहा गया है कि दोनों ने बिना अनुमति वीडियो बनाया और शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया.

शिक्षक ने आरोप लगाया कि उन्हें धमकी दी गई कि रुपये नहीं देने पर वीडियो YouTube और Facebook पर प्रसारित कर बदनाम किया जाएगा तथा नौकरी से निलंबित करा दिया जाएगा. रकम नहीं मिलने के बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है.

पस्ता थाने में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रसारित वीडियो के स्क्रीनशॉट वाली पेन ड्राइव जब्त की. शिक्षक की नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज भी लिए गए.

पुलिस के मुताबिक, जांच शुरू होने के बाद तीनों आरोपित फरार थे. आत्मसमर्पण के बाद न्यायालय की अनुमति से उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने लोगों से इंटरनेट मीडिया पर किसी की प्रतिष्ठा प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने और धमकी या अवैध मांग की स्थिति में थाने को सूचना देने की अपील की है.