छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दो शिक्षिकाएं मानसून के दौरान कठिन परिस्थितियों के बीच दूरस्थ स्कूल पहुंचकर बच्चों को पढ़ा रही हैं. वाड्रफनगर ब्लॉक का धौरपुर गांव मोरन और इरिआ नदियों के संगम के आगे स्थित है और बारिश में वहां पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है.
शिक्षिका संध्या हलदार और कर्मिला टोप्पो अपने स्कूटर मारना गांव में छोड़ती हैं. इसके बाद वे करीब तीन किलोमीटर पथरीले और पहाड़ी रास्ते पर पैदल चलकर नदी तक पहुंचती हैं और फिर पानी पार करके स्कूल जाती हैं. जलस्तर बढ़ने पर उन्हें कई बार नदी से ही लौटना पड़ता है.
कर्मिला टोप्पो 2014 से इस स्कूल में पदस्थ हैं. वह कई बार अपनी नौ महीने की बच्ची को गोद में लेकर नदी पार करती हैं. उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में हर साल यही स्थिति रहती है और जलस्तर अधिक होने पर नदी पार न करने की सलाह दी जाती है.
संध्या हलदार के मुताबिक, बच्चों को पढ़ाई से वंचित न होना पड़े, यही उन्हें इस मुश्किल यात्रा के लिए प्रेरित करता है. बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिक्षिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की बात कही है.
