बलरामपुर जिले के चान्दो थाना क्षेत्र के मुड़कमपाट (चंचलचुवों) गांव में 46 वर्षीय महिला पलंगी नगेशिया की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ममेरे भाई मदन नगेशिया (47) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, करीब दो से तीन महीने पुराने पारिवारिक विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस के मुताबिक, गोवर्धन पूजा के दिन हंडिया पीने के बाद मदन नगेशिया पलंगी को भीतरकोना जंगल की ओर ले गया. वहां पत्थर से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है.

जंगल में गड्ढे के भीतर मिला शव

मामले की रिपोर्ट मुड़कमपाट निवासी किशुन नगेशिया ने चान्दो थाने में दर्ज कराई थी. पुलिस के अनुसार, अशोक नगेशिया के फोन करने पर किशुन भीतरकोना जंगल पहुंचा. वहां उसने अपनी सास पलंगी नगेशिया, पति स्वर्गीय फिदकू नगेशिया, का शव पेड़ों के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में पड़ा देखा. महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे.

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 37/2026 और अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया. घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा किया गया. वैज्ञानिक अधिकारी की मदद से मौके से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए.

बच्चों के विवाद से बढ़ी थी रंजिश

प्रारंभिक जांच और गवाहों से पूछताछ में मदन नगेशिया पर संदेह सामने आया. पुलिस का कहना है कि करीब दो से तीन महीने पहले आरोपी के छोटे बेटे और मृतका की नतनीन के बीच बच्चों को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद पलंगी और मदन के बीच झगड़ा और गाली-गलौज हुई थी. पुलिस के अनुसार, इसी घटना के बाद आरोपी महिला से नाराज था.