महासमुंद जिले के बसना में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28.465 किलो गांजा, एक WagonR कार और दो मोबाइल फोन समेत 18 लाख 53 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की. पुलिस के अनुसार, एक आरोपी जंगल की ओर भाग गया और उसकी तलाश की जा रही है.
नाकाबंदी देखकर कार मोड़ने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, उसे सूचना मिली थी कि ओडिशा से काले रंग की WagonR कार (MP 18 ZH 8555) तेज रफ्तार से बसना की ओर आ रही है. इसके बाद पुलिस और ANTF की टीम ने थाने के सामने सड़क पर नाकाबंदी की. कार के वहां पहुंचने पर चालक ने कथित तौर पर वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की. टीम ने पीछा करते हुए ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर मार्ग तक कार को रोक लिया.
पुलिस का कहना है कि पीछा बढ़ने पर आरोपियों ने कार रोककर उसमें रखी गांजे की बोरियों और वाहन के अंदर आग लगा दी. इसके बाद कार को लॉक कर भागने की कोशिश की गई. टीम ने दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति जंगल की ओर फरार हो गया.
ग्रामीणों की मदद से बुझाई गई आग
कार के भीतर आग लगी देखकर पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद ली. सामने का शीशा तोड़कर आग बुझाई गई. तलाशी के दौरान डिक्की से तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां मिलीं, जिनमें 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से लेकर शहडोल, मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है.
