छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों के 180 गांवों को ग्रिड बिजली से जोड़ने की योजना बनाई गई है. इसके लिए केंद्र सरकार के आदिम जाति कल्याण विभाग ने 435 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. परियोजना में लगने वाली शेष राशि राज्य सरकार देगी.
बिजली कंपनी के अनुसार, पहले चरण में 19 गांवों में बिजली से जुड़े नौ काम किए जाएंगे. इनकी अनुमानित लागत 13 करोड़ 68 लाख रुपये है. कंपनी ने 23 नवंबर को इन कार्यों के लिए निविदा जारी की है. शेष 161 गांवों के लिए भी जल्द टेंडर जारी किए जाने की जानकारी दी गई है.
पहले चरण में बीजापुर जिले के मेटापाल, चोकखनपाल, पदमूर, कोरमेटा, हल्लूर, मल्लेपल्ली, बेलामलेंद्र और गुंजाकोंटा शामिल हैं. सुकमा जिले के ताड़मेटला, तेतराई, तुमलपाड़-2, करिगंडम, सिंगारम, मोसलमडगु-2, कोसामपाड़, पालेकाटी और दुर्मा में भी काम प्रस्तावित है. दंतेवाड़ा के लावा और नारायणपुर के वाकुड गांव को भी सूची में रखा गया है.
दुर्गम इलाकों में माइक्रो ग्रिड का विकल्प
बस्तर के घने जंगलों और कोर टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में बिजली के खंभे लगाने और लाइन बिछाने पर वन संबंधी प्रतिबंध लागू होते हैं. ऐसे इलाकों में माइक्रो ग्रिड के जरिए बिजली पहुंचाने की योजना है. इसमें सोलर पैनल और बैटरी आधारित व्यवस्था का इस्तेमाल किया जाएगा. दिन में बनी बिजली बैटरी में संग्रहित रहेगी, जिससे रात में भी आपूर्ति की जा सकेगी.
अधिकारियों के अनुसार, नियद नेल्लानार योजना और क्रेडा के सहयोग से बस्तर के 95 गांवों और पंचायतों में पहले ही सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं. नई योजना का उद्देश्य इन क्षेत्रों को व्यापक ग्रिड नेटवर्क से जोड़ना है.
