बस्तर जिले में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली खंभे की सपोर्टिंग से जा टकराई. हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना देउरगांव से मोंगरापाल जाने वाले मार्ग पर नगर पंचायत कार्यालय के आगे मोड़ के पास हुई.

मृतक की पहचान घाटधनोरा निवासी 40 वर्षीय गंगाधर कश्यप के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, गंगाधर बाइक से अपने ससुराल चोलनार जा रहे थे. ससुराल पहुंचने से पहले ही परिजनों को उनके हादसे में मौत की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया.

बताया गया कि मोड़ के पास चालक ने बाइक पर नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बाइक बिजली खंभे की सपोर्टिंग से टकरा गई और गंगाधर उछलकर सड़क किनारे जा गिरे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलने पर बस्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है. मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.