बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों से गुरुवार को छात्र की मौत, मलेरिया संक्रमण, तेंदुए की मौजूदगी, एंबुलेंस में प्रसव और फर्जी दस्तावेज से जुड़ी घटनाएं सामने आईं. इनमें दंतेवाड़ा में 12वीं के छात्र की मौत और कांकेर में गिरफ्तारी का मामला जांच के दायरे में है.

दंतेवाड़ा के हॉस्टल में छात्र की मौत

जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर बालूद स्थित ‘छू लो आसमान’ आवासीय कोचिंग संस्थान के हॉस्टल में 12वीं के एक छात्र की मौत हो गई. छात्र कुआकोंडा ब्लॉक के श्यामगिरी गांव का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह स्कूल गया था. दोपहर के भोजन अवकाश में हॉस्टल लौटने के बाद वह स्कूल की दूसरी पाली में नहीं गया. शाम को लौटे साथी छात्रों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा.

घटना की सूचना पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, कोतवाली थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है.

परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर छात्र के साथ पहले मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि छात्र को घर ले जाने के लिए बुलाया गया था. संस्थान की ओर से कम उपस्थिति को लेकर कुछ दिन पहले नोटिस दिए जाने और छात्र के टीसी के लिए आवेदन करने की बात भी सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

बीजापुर में स्वास्थ्य शिविर के दौरान 14 मलेरिया मरीज

बीजापुर के ग्राम पदेड़ा में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 153 ग्रामीणों की जांच की गई. इनमें 34 मलेरिया जांचों में 14 लोग संक्रमित मिले. छह मरीजों में गंभीर एनीमिया भी पाया गया. मरीजों को दवा और चिकित्सकीय सलाह देने के साथ बेहतर उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेरपाल और जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया. शिविर में कुल 64 पैथोलॉजी जांच की गईं.

कोंडागांव में तेंदुआ दिखने के बाद अलर्ट

विश्रामपुरी के पास रोगाडीह क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने का वीडियो सामने आया है. वन विभाग के रेंजर ने वीडियो की पुष्टि की है. टीम इलाके में गश्त कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क किया गया है. विभाग ने रात में अकेले जंगल की ओर नहीं जाने, मवेशियों को खुले में नहीं बांधने और बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने की अपील की है.

एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव

बस्तर के पुशगुड़ा गोंडीयापाल क्षेत्र की हिरादई पोयाम को प्रसव पीड़ा के बाद 108 एंबुलेंस से भानपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था. रास्ते में एंबुलेंस में ही उनका प्रसव कराया गया. बाद में मां और नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों के स्वस्थ होने की जानकारी दी गई.

कांकेर में फर्जी इंटीमेशन लेटर का मामला

कांकेर पुलिस ने शासकीय सील और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी का कथित दुरुपयोग कर फर्जी इंटीमेशन लेटर बनाने के आरोप में 25 वर्षीय गोविन्द मरकाम को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दो दस्तावेज, एक एचपी प्रिंटर और आईफोन 13 प्रो जब्त किया है. आरोपी को 27 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.