छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में IED विस्फोट और नक्सल हिंसा से शारीरिक रूप से प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए सरकार दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित कर रही है. इन शिविरों में पात्र लोगों को कृत्रिम अंग और जरूरत के अनुसार अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे.

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुसार, लाभार्थियों का जिलेवार चयन किया जा रहा है. अधिकारियों की टीम हितग्राहियों की जरूरत का आकलन कर उपकरण उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है. सरकार का विशेष ध्यान उन ग्रामीणों पर है, जिन्होंने विस्फोट या हिंसा के कारण अपने अंग गंवाए हैं.

जगदलपुर में 5 से 7 अक्टूबर तक तीन दिवसीय शिविर लगाया जाएगा. इसके लिए बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिलों के 2,953 दिव्यांग हितग्राहियों को चिन्हित किया गया है.

दंतेवाड़ा में 15 से 17 अक्टूबर तक सहायता शिविर आयोजित होगा. यहां 846 हितग्राहियों का चयन किया गया है.

शिविरों में जरूरत के अनुसार कृत्रिम हाथ-पैर, व्हीलचेयर, ट्राइसिकल और श्रवण मशीन समेत अन्य सहायक उपकरण देने की योजना है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सहायता केवल IED प्रभावित लोगों तक सीमित नहीं होगी; चयनित अन्य दिव्यांग हितग्राहियों की आवश्यकताओं को भी इसमें शामिल किया गया है.