बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक कुटुंब जात्रा विधान का आयोजन शनिवार को जगदलपुर के गीदम रोड स्थित महात्मा गांधी स्कूल परिसर में हुआ. इस दौरान बस्तर संभाग के 84 परगनों और सीमावर्ती क्षेत्रों से पहुंचे 1700 से अधिक देवी-देवताओं के प्रतीकों को पारंपरिक विधि-विधान के साथ विदाई दी गई.

समारोह में ग्रामीण आंगा देव को कंधों पर लेकर पारंपरिक धुनों पर थिरकते नजर आए. देव-छत्रों और डोलियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. नारायणपुर, बड़े डोंगर, छोटे डोंगर और दक्षिण बस्तर के दूरदराज वन क्षेत्रों से भी आंगा देव और देव-छत्र इस समागम में शामिल हुए.

दंतेश्वरी मंदिर के प्रधान पुजारी कृष्ण कुमार पाढ़ी के अनुसार, बस्तर के देवी-देवताओं का अपना विस्तृत देव-कुटुंब माना जाता है. दशहरा पर्व के दौरान विभिन्न गांवों और अंचलों के ग्राम्य देवी-देवता एक मंच पर जुटते हैं और उत्सव में सहभागिता के बाद सम्मानपूर्वक विदा होते हैं. यह परंपरा सैकड़ों गांवों के बीच सामाजिक समरसता का प्रतीक मानी जाती है.

समारोह के दौरान पूर्व बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव ने लोगों की समस्याएं सुनीं और बच्चों को आशीर्वाद दिया. इसके बाद प्रधान पुजारी ने करीब एक घंटे तक विशेष पूजा कराई. देवताओं के प्रति कृतज्ञता के रूप में सात मोंगरी मछलियां अर्पित की गईं और चना न्योछावर किया गया. मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक भेंट भी चढ़ाई. 27 वर्षों से सेवा दे रहे जगत दास के करनाल वाद्ययंत्र की ध्वनि आयोजन के दौरान सुनाई देती रही.

इस वर्ष बस्तर दशहरा की शुरुआत 12 अगस्त को मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में पाट जात्रा से हुई थी. रथ परिक्रमा, मावली परघाव, भीतर रैनी, बाहर रैनी और मुरिया दरबार जैसे प्रमुख विधान पूरे हो चुके हैं. अब 27 अक्टूबर को मां दंतेश्वरी की विराई के साथ देवी की डोली और छत्र को विदा किया जाएगा. इसके साथ 75 दिनों से अधिक चलने वाले बस्तर दशहरा का विधिवत समापन होगा.