बस्तर दशहरा की भीतर रैनी रस्म के दौरान बुधवार देर रात हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया. यह घटना जगदलपुर के राजमहल परिसर से विजय रथ को कुम्हड़ाकोट के जंगलों की ओर ले जाने के दौरान हुई.

परंपरा के तहत किलेपाल परगना के 32 गांवों से आए 2 हजार से अधिक ग्रामीण राजमहल परिसर में जुटे थे. पूजन के बाद आठ पहियों वाले विशाल रथ को खींचकर ले जाया जा रहा था. सिरहासर भवन के पास भीड़ पहुंचने पर रथ का संतुलन बिगड़ गया और दो ग्रामीण उसके पहिए की चपेट में आ गए.

भारी पहिया निकलने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरे का पैर कुचल गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. हादसे के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बनी और आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया. ग्रामीणों ने रस्म के दौरान सुरक्षा तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया.

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की.

हादसे के बाद जगदलपुर प्रशासन ने रथ के आगे और पीछे 15-15 मीटर का क्षेत्र खाली रखने का निर्देश दिया है. इस हिस्से में पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों की मानवीय श्रृंखला बनाई जाएगी, ताकि रथ की परिक्रमा के दौरान भीड़ को दूर रखा जा सके.