बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण रस्म मावली परघाव में शामिल होने के लिए मां दंतेश्वरी की पावन डोली और राजछत्र रविवार को दंतेवाड़ा से जगदलपुर के लिए रवाना हुए. शारदीय नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर डोली को गाजे-बाजे, पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोकनृत्य और जयकारों के बीच भावभीनी विदाई दी गई.
डोली की विदाई के दौरान दंतेवाड़ा में भक्तिमय माहौल रहा. हजारों श्रद्धालु मां दंतेश्वरी के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए. मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस बल ने सलामी देकर सम्मान भी अर्पित किया.
मावली परघाव का महत्व
मावली परघाव को बस्तर दशहरा की प्रमुख ऐतिहासिक रस्मों में गिना जाता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह परंपरा लगभग 800 वर्षों से चली आ रही है. इसके तहत मां दंतेश्वरी की डोली दंतेवाड़ा से जगदलपुर पहुंचती है, जहां मावली माता से उनका पारंपरिक मिलन होता है. यह रस्म बस्तर की आदिवासी आस्था, राजपरंपरा और सांस्कृतिक एकता से जुड़ी मानी जाती है.
यात्रा के दौरान डोली निर्धारित पूजा स्थलों पर रुकते हुए जगदलपुर पहुंचेगी. वहां बस्तर दशहरा से जुड़ी परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मां दंतेश्वरी की डोली और राजछत्र 27 अक्टूबर को दंतेवाड़ा के लिए वापस रवाना होंगे.
