जगदलपुर/कोंडागांव/दंतेवाड़ा. बस्तर दशहरा में शामिल एक हजार से अधिक देवी-देवताओं के समागम के बाद जगदलपुर में कुटुंब जात्रा के साथ विदाई की रस्म पूरी हुई. महात्मा गांधी स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बस्तर संभाग के 84 परगना के अलावा ओडिशा, तेलंगाना और धमतरी से भी देवी-देवता पहुंचे. मां दंतेश्वरी के छत्र के दर्शन और पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे.
राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव की मौजूदगी में दंतेश्वरी मंदिर के पुजारी प्रेम पाढ़ी ने पूजा-विधान कराया. परंपरा के अनुसार सात मांगुर मछलियां अर्पित की गईं और एक बकरे की बलि दी गई. मनौती पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने बकरा, मुर्गा, बतख और कबूतर भी अर्पित किए. पूजा के बाद ग्राम देवी-देवताओं को ससम्मान विदाई दी गई.
जोगी उठने के बाद शुरू हुई धान कटाई
बस्तर में किसान जोगी परंपरा पूरी होने तक धान की कटाई रोककर रखते हैं. जोगी उठाई की रस्म पूरी होने के बाद ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम तेज हो गया है. कम अवधि में तैयार होने वाली धान की फसल पहले से कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन स्थानीय मान्यताओं के सम्मान में किसानों ने इंतजार किया. अब किसान फसल काटने और उसे समेटने में जुट गए हैं.
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तारी
कोंडागांव जिले के माकड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 21 वर्षीय तेमेश नेताम को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 7 अक्टूबर 2026 को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में आरोपी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया था. आरोपी को 24 अक्टूबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया.
बोलेरो हादसे में सेना के जवान की मौत
फरसगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 10 बजे दशहरा कार्यक्रम देखने जा रही बोलेरो गट्टीपलना मोड़ के पास पेड़ से टकरा गई. वाहन में सात लोग सवार थे. हादसे में सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई और जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हुए. पांच अन्य घायलों को भी फरसगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
57.71 करोड़ रुपये की जलप्रदाय योजना
बस्तर नगर पंचायत में अमृत मिशन 2.0 के तहत 57 करोड़ 71 लाख रुपये की जलप्रदाय योजना को मंजूरी मिली है. मारकंडी नदी से पानी लाकर शुद्ध करने के बाद घरों तक पहुंचाने की योजना है. इसके तहत करीब 73 किलोमीटर पाइपलाइन, 2,700 से अधिक घरेलू नल कनेक्शन, तीन एमएलडी का जलशोधन संयंत्र और 500 किलोलीटर क्षमता का उच्चस्तरीय जलागार बनाया जाएगा. प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पानी की उपलब्धता 65 से बढ़ाकर 135 लीटर करने का लक्ष्य है. योजना को जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
