जगदलपुर में बस्तर दशहरा के विशाल विजय रथ निर्माण से जुड़ी पारंपरिक ‘नार फोड़नी’ रस्म सिरहासार भवन के सामने विधि-विधान से पूरी हुई. इस रस्म के बाद आठ पहियों वाले दुमंजिला रथ को अंतिम रूप देने का काम तेज हो गया है.
नार फोड़नी के दौरान रथ के लकड़ी के पहियों के केंद्र में छेद करने से पहले पूजा-अर्चना की जाती है. इसके बाद उसमें लोहे का विशेष ‘गुर्दा’ लगाया जाता है. यह हिस्सा पहियों को मजबूती देता है, ताकि वे रथ परिक्रमा के दौरान दबाव सह सकें और सुचारु रूप से घूमते रहें.
इस वर्ष के रथ को तैयार करने में झार उमरगांव और बेड़ा उमरगांव के करीब 150 पारंपरिक बढ़ई और लोहार कारीगर जुटे हैं. पहियों की तैयारी, लोहे के कलपुर्जे जोड़ने और लकड़ी के विशाल ढांचे को सुरक्षित रूप देने में इन कारीगरों की अहम भूमिका है.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर से सिरहासार चौक पर नवरात्रि पूजा के साथ दैनिक रथ परिक्रमा शुरू होगी. यह परिक्रमा 18 अक्टूबर तक चलेगी. इसके बाद 21 अक्टूबर को भीतर रैनी और 22 अक्टूबर को बाहर रैनी का आयोजन होगा. इन अवसरों पर श्रद्धालु पारंपरिक तरीके से विशाल रथ खींचते हैं.
बस्तर दशहरा की प्रमुख परंपराएं
बस्तर दशहरा करीब 75 दिनों तक चलने वाला लोकपर्व है. इसकी शुरुआत सावन माह की हरेली अमावस्या पर पाट जात्रा से होती है, जब साल की पहली पवित्र लकड़ी ‘ठुरलू खोटला’ की पूजा कर रथ निर्माण का संकल्प लिया जाता है. इसके बाद डेरी गड़ाई, काछनगादी, जोगी बिठाई और फूल रथ जैसे चरण आते हैं.
पर्व में मां दंतेश्वरी और मां मावली से जुड़े अनुष्ठान भी शामिल हैं. भीतर रैनी के दौरान आठ पहियों वाले विजय रथ की परिक्रमा होती है, जबकि बाहर रैनी में रथ को कुम्हड़ाकोट ले जाने और वापस लाने की परंपरा निभाई जाती है. इसके बाद मुरिया दरबार में जनजातीय प्रतिनिधि अपनी समस्याएं और सुझाव रखते हैं.
