बस्तर क्षेत्र में अतिवृष्टि और बाढ़ से फसल नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर किसान 11 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर चक्काजाम करेंगे. किसान संघर्ष समिति ने प्रति एकड़ ₹65,100 की सहायता देने की मांग रखी है.
समिति के अनुसार, भारी बारिश और बाढ़ से धान, मक्का और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है. प्रभावित किसानों का कहना है कि कई खेतों में तैयार फसलें बर्बाद हो गईं और उन्हें अब तक राहत नहीं मिली है.
किसानों ने बताया कि उन्होंने 6 नवंबर को अपनी मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था. उनके अनुसार, अधिकारियों ने मांगों को राज्य शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया था, लेकिन राहत के संबंध में अब तक ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है.
कई गांवों के किसानों के शामिल होने का दावा
किसान संघर्ष समिति के बैनर तले हुई बैठक में 11 दिसंबर को NH-63 को बाधित करने का निर्णय लिया गया. समिति ने कहा है कि मुआवजे की मांग पूरी होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा. किसानों ने अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी भी दी है.
समिति बेलगांव, बजावंड, भेजापदर, बोदरा और नारायणपाल समेत नारंगी नदी के तटीय क्षेत्रों से प्रभावित किसानों को आंदोलन में शामिल करने की तैयारी कर रही है. किसानों का कहना है कि यह मुद्दा किसी एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के आपदा प्रभावित किसानों की आजीविका से जुड़ा है.
