बस्तर संभाग में मत्स्य पालन को रोजगार और आय का साधन बनाने के लिए किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई. जगदलपुर के टाउन हॉल में विश्व मात्स्यिकी दिवस पर संभाग स्तरीय मत्स्य किसान संगोष्ठी और सम्मान समारोह आयोजित हुआ. इसमें संभाग के सातों जिलों की मछुआ समितियों, मछली पालक किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों ने भाग लिया.
तिलापिया और झींगा पालन की तकनीक समझाई
कृषि विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा के प्रमुख और वरिष्ठ वैज्ञानिक ओम प्रकाश ने प्रस्तुतीकरण के जरिए तिलापिया और झींगा पालन की तकनीकों की जानकारी दी. उन्होंने तालाब प्रबंधन, देखभाल और मछली उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों पर चर्चा की. किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन के उपाय बताए गए.
दंतेवाड़ा के सहायक संचालक मत्स्यपालन वाईके देवांगन ने विभागीय योजनाओं और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई. पशुधन विकास विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. डीके नेताम ने मत्स्य पालन के साथ एकीकृत कुक्कुटपालन अपनाने पर जोर दिया, ताकि किसानों के पास आजीविका के एक से अधिक साधन हो सकें.
समिति और हितग्राहियों का सम्मान
लोहंडीगुड़ा विकासखंड के चित्रकोट की प्राथमिक कुड़ूक मछुआ और नौका विहार समिति को छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026 के तहत ठाकुर प्यारेलाल पुरस्कार मिलने पर सम्मानित किया गया. समिति अनुदान योजना के तहत बस्तर जिले की तीन मछुआ सहकारी समितियों को मछली पकड़ने के जाल दिए गए. मत्स्यपालकों और समितियों को अन्य जरूरी सामग्री भी वितरित की गई.
संगोष्ठी में प्रगतिशील मत्स्यपालकों ने अपने अनुभव और नवाचार साझा किए. अधिकारियों ने हितग्राहियों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने. मत्स्यपालन विभाग के उपसंचालक मोहन लाल राणा ने कहा कि मत्स्य पालन आजीविका और रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बन सकता है.
