बस्तर संभाग में 23 से 26 सितंबर के बीच हुई भारी बारिश और नदी-नालों में आई बाढ़ से सात जिलों के 187 गांवों में 150 सरकारी स्कूल क्षतिग्रस्त हुए हैं. शिक्षा विभाग के प्रारंभिक सर्वेक्षण के अनुसार, इन स्कूलों में दर्ज करीब आठ हजार विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई है.

क्षतिग्रस्त स्कूलों में कुछ भवन पूरी तरह, जबकि कई आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं. कुछ स्कूलों की छत टूट गई है और कई भवनों की दीवारों में दरारें आई हैं. कुछ जगह बाढ़ का पानी उतरने के बाद स्कूल परिसर और कक्षाएं कीचड़ से भर गईं, जिससे नियमित संचालन में परेशानी हो रही है.

बस्तर जिले में सबसे अधिक 113 स्कूलों को नुकसान पहुंचा है. जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के अनुसार, इन स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए जिला प्रशासन को 2.70 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है. बकावंड, बस्तर, लोहंडीगुड़ा और जगदलपुर ब्लॉक के स्कूलों में नुकसान अधिक बताया गया है.

जिन भवनों में कक्षाएं चलाना संभव नहीं है, वहां पंचायत भवनों, सांस्कृतिक रंगमंच, आश्रम-छात्रावासों और अन्य सामुदायिक भवनों में वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. बस्तर संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम के अनुसार, स्कूलों का संचालन धीरे-धीरे शुरू कराने के साथ शासन-प्रशासन को दैनिक रिपोर्ट भेजी जा रही है.

बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर में कुछ स्कूल ग्रामीणों द्वारा बनाई गई झोपड़ियों में संचालित हो रहे थे. बाढ़ में ऐसी कुछ झोपड़ियां टूट गईं, जिससे वहां स्कूल बंद होने की स्थिति बनी. उनकी मरम्मत कर कक्षाएं फिर शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है. प्रभावित विद्यार्थियों के लिए किताब-कापी, स्कूल ड्रेस और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है.