मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने शासन से मिलने वाली सहायता के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹10 हजार की आर्थिक मदद देने की घोषणा की.
छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं. 28 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, खराब मौसम के दौरान कुछ इलाकों में अचानक तेज हवा चल सकती है.
12 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की हवा
रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. बिजली चमकने और तेज हवा के दौरान मौसम अचानक खराब हो सकता है.
मौसम खराब होने पर खुले मैदान में जाने से बचने, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. वाहन चलाते समय भी सावधानी बरतने को कहा गया है.
महादेवघाट पुल से आवागमन शुरू
बारिश थमने के बाद नदी-नालों का जलस्तर घटा है. रायपुर के महादेवघाट पुल से लोगों का आवागमन फिर शुरू हो गया है. अमलेश्वर जाने वाला यह मार्ग पिछले दो दिनों से बंद था. महादेवघाट पर गणेश विसर्जन के लिए फिलहाल केवल समितियों के सदस्यों को प्रवेश दिया जा रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में उफनते नदी-नालों से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 12 लोग बह गए, जिनमें तीन लोगों की मौत हुई.
सामान्य से 5.16% अधिक बारिश
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 30 सितंबर तक सामान्य औसत बारिश 1,132.3 मिलीमीटर है. 26 सितंबर तक राज्य में 1,190.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 5.16% अधिक है.
तापमान के आंकड़ों में दुर्ग 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. अंबिकापुर और पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
