छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार, 28 सितंबर को बाढ़ प्रभावित बस्तर संभाग के इलाकों का दौरा किया. उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

साय ने सुकमा जिले के शबरीनगर, श्रीनगर और लाइनपारा समेत प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. कोंटा क्षेत्र में सबरी नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे के गांवों और कोंटा नगरपालिका के चार वार्डों में जलभराव हुआ था. प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए 19 राहत केंद्र बनाए हैं.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मकानों, घरेलू सामान, फसल और अन्य संपत्तियों के नुकसान का जल्द आकलन करने के निर्देश दिए. पात्र परिवारों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत मुआवजा देने को कहा गया है.

करीब 300 परिवारों को अतिरिक्त सहायता

बाढ़ से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने वाले करीब 300 परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी. यह राशि आरबीसी 6-4 के तहत मिलने वाली सहायता से अलग होगी.

प्रशासन के अनुसार, 23 और 24 सितंबर की भारी बारिश के बाद सुकमा समेत बस्तर के कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी. राहत दल सूखा राशन और गर्म कपड़े वितरित कर रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य टीमें जांच, पेयजल स्रोतों के क्लोरीनीकरण और स्वच्छता संबंधी कार्यों में जुटी हैं.