बस्तर में लगातार दूसरे साल भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और प्रशासन की राहत व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया कि जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा समेत कई इलाकों में हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं और कुछ घरों में 8 से 10 फीट तक पानी भर गया था.
बैज के अनुसार, कई मकानों में पानी के साथ मिट्टी भर गई है, जिससे परिवारों के लिए तुरंत वापस लौटकर रहना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि घरों में रखा करीब दो महीने का राशन भीगकर खराब हो गया. कांग्रेस का आरोप है कि राहत शिविर जल्द बंद कर दिए गए और शिविर बंद करने से पहले प्रभावित परिवारों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली जानी चाहिए थी.
दोबारा सर्वे और मुआवजे की मांग
कांग्रेस ने घर, राशन और घरेलू सामान के नुकसान का दोबारा सर्वे कराने की मांग की है. बैज ने कहा कि पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के लिए 1.20 लाख रुपए और आंशिक नुकसान पर 4 से 6 हजार रुपए की सहायता कई परिवारों के वास्तविक नुकसान के मुकाबले कम है. उन्होंने नुकसान का नए सिरे से आकलन कर कम से कम 5 लाख रुपए तक सहायता देने की मांग रखी.
कांग्रेस ने खेतों में खड़ी और कटी हुई धान की फसल खराब होने का मुद्दा भी उठाया. पार्टी ने मौजूदा सहायता के बजाय धान की संभावित कीमत के आधार पर मुआवजा देने और खेती के लिए लिए गए कर्ज को देखते हुए प्रति एकड़ कर्जमाफी की मांग की. पशुधन के नुकसान का मुआवजा बाजार मूल्य के आधार पर देने की मांग भी की गई है.
बाढ़ प्रभावित इलाकों में सड़ रहे सामान और मृत पशुओं से दुर्गंध फैलने की आशंका जताते हुए कांग्रेस ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों की लगातार निगरानी और प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को भेजने की मांग की.
भाजपा ने प्रशासन के बचाव में गिनाए राहत कार्य
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया. उनके मुताबिक, प्रशासन ने बाढ़ के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया और भोजन, दवा व रहने की व्यवस्था की. उन्होंने हेलीकॉप्टर से बचाव अभियान चलाए जाने का भी दावा किया.
पांडेय ने कहा कि सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी राहत कार्यों में मदद की. उनके अनुसार, पानी उतरने के बाद सफाई की समस्या पर काम किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
