बस्तर क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के कथित ठिकानों से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले दो सप्ताह में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान 1,603 बीजीएल सेल और 955 डेटोनेटर मिले हैं. यह कार्रवाई छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर की.
आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले में माड़वी हिड़मा से जुड़े बताए जा रहे एक ठिकाने से 670 जिंदा बीजीएल सेल बरामद किए गए. उसी दिन बीजापुर के जीड़पल्ली इलाके में सुरक्षा बलों को दो बीजीएल लांचर और 36 सेल मिले. इससे पहले 5 नवंबर को कर्रेगुट्टा पहाड़ी से 711 बीजीएल सेल बरामद किए गए थे.
कोंडागांव जिले के पुंगारपाल थाना क्षेत्र के बेड़मा जंगलों में भी आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर तलाशी अभियान चलाया गया. वहां से 29.65 किलोग्राम विस्फोटक, एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, 25 मीटर कोर्डेक्स वायर, 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, 14 टिफिन और 11 बैटरी सेट समेत अन्य सामग्री बरामद होने की जानकारी है.
जंगलों में तलाशी और डी-माइनिंग जारी
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा के अनुसार, हथियार और विस्फोटक अलग-अलग ठिकानों पर छिपाए गए हैं. इसलिए सुरक्षा बलों को सघन तलाशी के साथ डी-माइनिंग भी करनी पड़ रही है. अभियान का उद्देश्य जंगलों में बचे हथियारों के नेटवर्क का पता लगाना बताया गया है.
पीएलजीए बटालियन नंबर-1 का प्रभाव क्षेत्र बीजापुर और सुकमा से लगे आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के सीमावर्ती जंगलों तक फैला बताया गया है. कर्रेगुट्टा पहाड़ी को इस संगठन का प्रमुख ठिकाना माना जाता रहा है.
