छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक विधि से संघर्षरत बालिका को भी पकड़ा गया है. आरोपियों के पास से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में चोरी हुई थी. महिलाओं के एक समूह ने दुकान में भीड़ लगाकर दुकानदारों का ध्यान भटकाया और सोने के आभूषणों से भरा एक बॉक्स चोरी कर लिया. शिकायत के बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया.

सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई. नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गईं. पुलिस ने कोड़ेनार क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव में छापेमारी कर जंगल में छिपे आरोपियों को घेराबंदी के बाद पकड़ा.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप के रूप में बताई गई है. पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और मोटरसाइकिल भी बरामद की है.

पुलिस के अनुसार, गिरोह में पुरुष पहले दुकानों की रेकी करते थे. इसके बाद महिलाएं और बच्चे भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करते थे, जबकि पुरुष चोरी के सामान को छिपाने और खपाने का काम करते थे. मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं.