भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर में अब बंदूक की जगह खेल के मैदान युवाओं की पहचान बनेंगे और भय के स्थान पर विश्वास का माहौल मजबूत होगा. उन्होंने यह बात रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कही.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खराब मौसम के कारण नितिन नवीन कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके और उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से संबोधन किया. उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी बच्चों और युवाओं को हिंसा के रास्ते पर धकेलने की कोशिश होती थी, वहां अब खेल और शिक्षा के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं.

नितिन नवीन ने दावा किया कि केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता मिली है. उन्होंने सुरक्षा बलों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि विकास की प्रक्रिया को जनजातीय समाज की भागीदारी और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ आगे बढ़ाना होगा.

उन्होंने हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने, युवाओं को खेल सुविधाएं देने और कौशल विकास के जरिए आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया. साथ ही उन्होंने बंदूक की जगह संवाद और डर की जगह विश्वास स्थापित करने का आह्वान किया.