छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नकदी, हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं. बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया 39 लाख 77 हजार रुपए का कैश मिला. वहीं, सुकमा के चिंतलनार इलाके में हथियार और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया. बीजापुर में ओडिशा में सक्रिय दो नक्सली कैडरों ने पुलिस के सामने सरेंडर भी किया है.

जमीन के नीचे मिला कैश

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को बड़ेपल्ली गांव के जंगल में संदिग्ध सामान छिपाए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर DRG, भैरमगढ़ थाना पुलिस और BDS की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया. सर्चिंग के दौरान जमीन के अंदर बोरी में छिपाया गया स्टील का डिब्बा मिला. इसमें टेप से लिपटे पैकेट थे, जिनमें 500-500 रुपए के नोट मिले.

पुलिस ने बताया कि बीजापुर में पहले की कार्रवाइयों में 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपए नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है.

दो नक्सली कैडरों का सरेंडर

25 नवंबर को नागमणि कुड़मे उर्फ शीला (32) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26) ने बीजापुर पुलिस के सामने सरेंडर किया. दोनों पर कुल 13 लाख रुपए का इनाम घोषित था. पुलिस के मुताबिक, नागमणि संगठन में CyPCM और गंगा ACM रैंक पर सक्रिय था.

पुलिस का कहना है कि नागमणि 2006-07 में PLGA से जुड़ी थी और छत्तीसगढ़ तथा ओडिशा की कई घटनाओं और मुठभेड़ों में शामिल रही. दोनों ने छत्तीसगढ़ सरकार की सरेंडर एवं पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के अभियान और पुनर्वास कार्यक्रमों से प्रभावित होकर संगठन छोड़ा.

सुकमा में हथियार और विस्फोटक बरामद

चिंतलनार थाना क्षेत्र के रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की टीम ने तलाशी अभियान चलाया. पुलिस के मुताबिक, सूचना सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिली थी.

डम्प से दो सिंगल शॉट राइफल, छह भरमार बंदूकें और 229 जिंदा कारतूस बरामद हुए. इनमें AK-47, SLR, इंसास, .303 राइफल, 9 एमएम और 12 बोर के कारतूस शामिल हैं. टीम को करीब 10 से 12 किलोग्राम वजनी वायररहित टिफिन IED, तीन हैंड ग्रेनेड, चार देसी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, मैगजीन, कोडेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर और करीब पांच किलोग्राम गन पाउडर भी मिला.

इसके अलावा वायरलेस सेट, बैटरियां, पिट्ठू बैग, 15 जोड़ी काली वर्दी, दवाइयां और नक्सली साहित्य बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, दुर्गम इलाकों में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटकों की तलाश जारी रहेगी.