बस्तर के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित गांवों से आए खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026-27 में उत्साह के साथ हिस्सा लिया. रविवार को हड़मा स्टेडियम में आयोजित मुकाबलों में महिलाओं की भागीदारी खास आकर्षण रही. कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर प्रतियोगिता में पहुंचीं और अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई.
‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ ध्येय वाक्य के साथ हुए आयोजन का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी, कलेक्टर अमित कुमार, एसपी मयंक गुर्जर, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर, नगरपालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम और जिला पंचायत सदस्य गीता कवासी समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
प्रतियोगिता में लंबी दौड़, ऊंची कूद, कबड्डी, तीरंदाजी, बैडमिंटन, कराटे, वॉलीबॉल और रस्साकशी के मुकाबले हुए. आयोजन से पहले खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने की शपथ दिलाई गई. मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
दूर-दराज के गांवों से आए प्रतिभागियों के लिए प्रशासन ने भोजन, नाश्ता, स्वच्छ पेयजल, छायादार बैठने की जगह और स्वास्थ्य जांच शिविर की व्यवस्था की. आयोजन स्थल पर बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा. महिला खिलाड़ियों ने व्यवस्थाओं की सराहना की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया.
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच रस्साकशी का मैत्रीपूर्ण मुकाबला भी हुआ. कलेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व वाली अधिकारियों की टीम में एसपी मयंक गुर्जर, डीएफओ अक्षय भोसले और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर शामिल थे. जनप्रतिनिधियों की टीम का नेतृत्व नगरपालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, महेश कुंजाम और जिला पंचायत सदस्य गीता कवासी ने किया. मुकाबले में अधिकारियों की टीम विजेता रही.
