छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बाद मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है. इस बीच 15 अक्टूबर से दक्षिण छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग में मौसम बदलने का अनुमान है. यहां गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है.

प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

मौसम प्रणाली का असर कम होने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गतिविधि बढ़ने के बाद प्रदेश में तापमान गिरने का अनुमान है. इसके साथ ही ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है.

पिछले 24 घंटे में रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा. रायपुर में 15 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन तीखी धूप और हवा में नमी के कारण दिनभर उमस रह सकती है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 33 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.