रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को रविवार को वर्चुअली संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि बस्तर में अब उन इलाकों में खेल मैदान विकसित हो रहे हैं, जहां पहले बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी.
नबीन के अनुसार, बस्तर के बच्चे और युवा शिक्षा, खेल और कौशल के जरिए अपने भविष्य के नए अवसर तलाश रहे हैं. उन्होंने कहा कि बंदूकों की जगह खेल सामग्री, हिंसा की जगह उम्मीद और भय की जगह विश्वास का माहौल बनाना क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है.
उन्होंने 2024 के बस्तर ओलंपिक्स में 1.5 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का उल्लेख किया. कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में राज्य के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने NEET और करीब 346 विद्यार्थियों ने JEE Main जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की.
नबीन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सुरक्षा बलों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने नक्सली हिंसा में जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विकास के साथ आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण भी जरूरी है.
