बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों में बाघों की मौजूदगी दर्ज होने के बाद वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का फैसला लिया है. संबंधित हर वनमंडल में टाइगर मूवमेंट सेल बनाया जाएगा. इसका उद्देश्य बाघों की गतिविधियों पर नजर रखना, वैज्ञानिक डाटा जुटाना और मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना है.

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में सात-आठ बाघ होने की संभावना जताई गई है. हालांकि दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में लगातार दिखाई दे रहे बाघ एक ही हैं या अलग-अलग, इस पर वन विभाग अभी पुख्ता निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा है. इसलिए विभाग व्यवस्थित तरीके से उनकी गतिविधियों और पहचान से जुड़े प्रमाण जुटाएगा.

डीएफओ की निगरानी में काम करेगा सेल

हर संबंधित वनमंडल में टाइगर मूवमेंट सेल वनमंडलाधिकारी यानी डीएफओ की प्रत्यक्ष निगरानी में काम करेगा. संबंधित उप वनमंडलाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा. वन परिक्षेत्र अधिकारियों और बीट अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी स्पष्ट रूप से तय की जाएंगी. जरूरत पड़ने पर वन्यप्राणी वृत्त कार्यालय के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी.

वन विभाग ने बाघों की लोकेशन सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार, लोकेशन प्रसारित होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट सकती है, जिससे बाघ और आम लोगों दोनों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. विभाग स्थानीय सूचना तंत्र विकसित करेगा और सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

यदि बाघ द्वारा पालतू पशु मारे जाने की सूचना मिलती है, तो वन अमले को तुरंत मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना होगा. वन्यजीव की पहचान ठोस प्रमाणों से होने पर मुआवजा प्रकरण तत्काल तैयार कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. संभाग के सातों जिलों के वन अधिकारियों को निगरानी के साथ सुरक्षा, संघर्ष रोकथाम, वैज्ञानिक डाटा संग्रहण और त्वरित प्रतिक्रिया पर ध्यान देने को कहा गया है.