छत्तीसगढ़ में व्याख्याता भर्ती परीक्षा 29 नवंबर, रविवार को आयोजित होगी. बस्तर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 3,771 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी.

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिला प्रशासन ने भी परीक्षा के निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन के लिए केंद्रों पर इंतजाम किए हैं. अभ्यर्थियों को केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो से ढाई घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.

मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच और फ्रिस्किंग के बाद प्रवेश पत्र तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र का सत्यापन होगा. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले, यानी सुबह 9:30 बजे केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र जरूरी

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पन्नों का एक तरफा प्रिंटआउट लाना होगा, जिसकी एक प्रति केंद्र में जमा की जाएगी. आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड में से कोई मूल फोटो पहचान पत्र भी अनिवार्य होगा. प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं होने की स्थिति में दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो साथ रखने होंगे.

ड्रेस कोड और प्रतिबंधित सामान

अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने को कहा गया है. काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे. बिना पॉकेट वाले साधारण स्वेटर की अनुमति होगी, लेकिन जांच के दौरान उसे उतारना पड़ सकता है.

केंद्र में घड़ी, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, पाउच, बेल्ट, मोजे, जूते, स्कार्फ, टोपी, चश्मा, आभूषण और संचार के साधन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के लिए पहले पहुंचना होगा.

अभ्यर्थी प्रवेश पत्र कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइटों से डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है.