बेमेतरा जिले की देवकर पुलिस चौकी ने मवेशियों के कथित अवैध परिवहन के मामले में तीन मवेशियों से भरी पिकअप जब्त की है. पुलिस ने वाहन चालक करण यदु (22) को गिरफ्तार किया है. न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया. मामले में नामजद दूसरा आरोपी राजेश गोस्वामी मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई 17 सितंबर को नवकेशा चौक पर की गई. गौवंश सेवक पुनीत साहू को सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक CG 25 Q 8641 में मवेशियों को भरकर देवकर की ओर ले जाया जा रहा है. इसके बाद पुनीत साहू अपने साथियों के साथ चौक पहुंचे और सुबह करीब 9:30 बजे वाहन को रोककर जांच की. उस समय पिकअप में चालक करण यदु मौजूद था.
इसी दौरान राजेश गोस्वामी बाइक से वहां पहुंचा. पूछताछ में उसने बताया कि वह देवादा-बेरला क्षेत्र से एक भैंस और दो पड़िया खरीदकर देवपुरा, तहसील गंडई ले जा रहा था. पुलिस के मुताबिक, मवेशियों के परिवहन से जुड़े दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगने पर वह कोई कागज पेश नहीं कर सका. पुलिस चौकी चलने के लिए कहे जाने पर वह बाइक से जालबांधा रोड की ओर भाग गया.
पुलिस की पूछताछ में करण यदु ने बताया कि राजेश गोस्वामी ने ही उसे मवेशियों को देवपुरा ले जाने के लिए पिकअप लाने को कहा था. जांच में मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई.
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. जब्ती में 5.80 लाख रुपये कीमत की पिकअप और 30 हजार रुपये कीमत के तीन मवेशी शामिल हैं. पुलिस फरार आरोपी की तलाश और मामले की आगे जांच कर रही है.
