छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में अलसी के डंठल से लिनेन और अन्य उत्पाद तैयार करने के लिए एक निर्माण इकाई स्थापित की गई है. यह इकाई रेवेंद्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बेमेतरा में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी), रायपुर और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईआईओआर), हैदराबाद के संयुक्त ‘वेस्ट टू वेल्थ’ कार्यक्रम के तहत बनाई गई है.
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों ने हाल में इकाई का अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान अलसी के डंठल से प्राकृतिक रेशा निकालने, उसकी कताई और प्रसंस्करण के साथ लिनेन वस्त्र व अन्य उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया देखी गई. परियोजना का उद्देश्य कृषि अवशेषों का मूल्य संवर्धन कर किसानों के लिए अतिरिक्त आय का अवसर तैयार करना है.
आईसीएआर-आईआईओआर, हैदराबाद के निदेशक डॉ. आर. के. माथुर ने कृषि अपशिष्ट के वैज्ञानिक और व्यावसायिक उपयोग को ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की मूल अवधारणा बताया. उन्होंने कहा कि अलसी के डंठल को किसानों की आय का टिकाऊ माध्यम बनाने के लिए तकनीक का व्यापक प्रसार और उत्पादों के लिए मजबूत बाजार व्यवस्था जरूरी है.
प्रधान वैज्ञानिक और नोडल अधिकारी डॉ. सी. सुरेश के अनुसार, रेशा निकालने से लेकर उत्पाद निर्माण तक की प्रक्रिया में महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़ा जा सकता है. इससे ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं. आईजीकेवी के नोडल अधिकारी डॉ. संजय द्विवेदी ने परियोजना के राज्यव्यापी विस्तार की संभावनाओं पर जोर दिया.
कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनूप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चल रही परियोजना का एक लक्ष्य बेमेतरा में अलसी की खेती का रकबा बढ़ाना भी है. किसानों को बताया जा रहा है कि अलसी का डंठल बीज और तेल के अलावा टेक्सटाइल उद्योग के लिए कच्चे माल के रूप में भी उपयोगी हो सकता है.
