बेमेतरा जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार भैंसों से भरी एक पिकअप जब्त की है. मामले में वाहन चालक खेमराज साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस के अनुसार, जब्त भैंसों और पिकअप वाहन की कुल कीमत करीब 5.80 लाख रुपये है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो पिकअप (CG 04 NY 6686) में मवेशियों को भरकर बेमेतरा से देवकर की ओर ले जाया जा रहा है. इसके बाद मनोज जंघेल अपने साथियों के साथ दुर्ग-बेमेतरा मुख्य मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास स्थित एमपी ढाबे पर पहुंचे. रात करीब 3 बजे संदिग्ध वाहन को रुकवाकर पूछताछ की गई.
चौरेगा से मध्यप्रदेश ले जाने की बात
पूछताछ में चालक ने अपना नाम खेमराज साहू (25), पिता ओंकार साहू, निवासी भर्रीगांव, थाना गुरूर, जिला बालोद बताया. पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि ग्राम चौरेगा, थाना सिमगा क्षेत्र से हेमंत और अन्य लोगों ने मवेशियों को वाहन में लोड कराया था. इन्हें लांजी, मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था.
पुलिस ने मवेशियों की खरीद संबंधी रसीद और परिवहन की वैध अनुमति मांगी, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद चालक, पिकअप और चारों भैंसों को देवकर चौकी लाया गया. पुलिस का आरोप है कि भैंसों को वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था और उनके लिए चारा-पानी की उचित व्यवस्था नहीं थी.
मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के साथ पशु परिवहन और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया. उसे 25 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.
