बेमेतरा जिले में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, जिले के 10 थाना-चौकी क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर 109 लोगों को पकड़ा गया. कार्रवाई के दौरान ₹91,510 नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं.
पुलिस ने पकड़े गए लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत 20 मामले दर्ज किए हैं. पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गांवों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास यह कार्रवाई की गई.
दबिश बेमेतरा, नवागढ़, नांदघाट, खम्हरिया, बेरला, चंदनू, दाढ़ी, साजा और परपोड़ी थाना क्षेत्रों के साथ कंडरका और देवरबीजा चौकी क्षेत्रों में दी गई. पुलिस ने पेंड्रावन स्कूल के पास, बोरसी में दुर्गा मंच गौठान, कोहड़िया दुर्गा चौक, बारगांव-घुघवा तालाब पार, देवादा देवता चौक और जुन्ना तालाब मोतेसरा समेत कई स्थानों पर कार्रवाई की.
पुलिस का कहना है कि इन जगहों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेला जा रहा था. टीम को देखकर कुछ लोग मौके से भाग गए, जबकि 109 लोगों को पकड़ लिया गया. जब्त नकदी और ताश के पत्तों के साथ प्रकरणों में आगे की कार्रवाई जारी है.
